किशोरी से दरिंदगी की मुख्य आरोपी ब्यूटी पार्लर संचालिका गिरफ्तार, एक दर्जन से ज्यादा लोगों ने किया था रेप
गाजीपुर न्यूज़ टीम, मिर्जापुर. वाराणसी के रामनगर में चुनार की किशोरी को बंधक बनाकर दरिंदगी कराने की मुख्य आरोपी ब्यूटी पार्लर संचालिका को भी पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। ब्यूटीशियन का काम सिखाने के बहाने संचालिका ने किशोरी को रामनगर बुलाया था। बंधक बनाने वाला आरोपित पहले ही जेल जा चुका है। पुलिस ने फरार अन्य आरोपितों की तलाश में जुट गयी है। पीड़िता की बड़ी बहन ब्यूटी पार्लर संचालिका की सहेली है।
मिर्जापुर के चुनार से गायब किशोरी को नशीली दवा देकर वेश्यावृत्ति कराई गई। करीब दो महीने तक उसके साथ दर्जनों लोगों ने गैंगरेप किया। किशोरी ने इस दौरान दो बार भागने की कोशिश की। पहली बार नशे की हालत में ही वह भाग कर सड़क पर आ गई लेकिन बंधक बनाने वालों ने बीमार बताकर दोबारा कैद कर दिया। शनिवार को वह भागी तो सीधे चौराहे पर खड़ी पुलिस के पास पहुंच गई। किशोरी के परिवार वालों ने चुनार में गुमशुदगी भी दर्ज कराई थी। उसने बताया कि ब्यूटी पार्लर संचालिका किशोरी को बहकाकर रामनगर ले आई।
किशोरी को रामनगर के गोलाघाट क्षेत्र में किराये के मकान में रखा गया। किशोरी से कुछ दिन तक ब्यूटी पार्लर में काम कराया गया। इसी बीच किशोरी की मुलाकात एक युवक से करा दी गई। युवक उसे बहकाकर दुराचार करने लगा। किशोरी ने पुलिस को बताया कि उसे नशे की दवाएं देकर लगभग एक माह तक दर्जनों लोगों ने दुराचार किया।
16 अगस्त की रात किशोरी किसी तरह कमरे का दरवाजा तोड़कर रामनगर चौक पर पहुंची। वहां उपनिरीक्षक अभिनव श्रीवास्तव को आपबीती सुनाई। पुलिस ने चुनार में पता किया तो वहां उसकी गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज था। किशोरी का बयान लेकर उसे चुनार पुलिस को सौंप दिया गया। चुनार पुलिस ने परिजनों को किशोरी को सौंप दिया।
किशोरी के बरामद होने के बाद 15 अगस्त को पुलिस ने अपहरण, गैंगरेप सहित अन्य धारा बढ़ाकर आरोपितों की तलाश में जुट गई थी। चुनार पुलिस ने 29 अगस्त मुख्य आरोपित अजीत कुमार साहनी निवासी कोलना थाना अदलहाट को रामपुर नुनहा शक्तेसगढ़ से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जबकि नामजद ब्यूटी पार्लर संचालिका सहित ग्यारह अज्ञात की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी।
पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी थी। मुखबीर की सूचना पर पुलिस ने चुनार टेम्पो स्टैंड के पास से ब्यूटी पार्लर संचालिका शालू पटेल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। चुनार कोतवाल मनोज सिंह ने बताया कि आरोपितों में रामनगर स्थित चाय के दुकानदार, सैलून वाले, मकान मालिक के पुत्र व उसके दोस्त समेत एक सभासद का भाई भी शामिल है। पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी है।