मिर्जापुर में अस्थाई जेल की खिड़की तोड़कर दो बन्दी फरार, इनाम भी घोषित
गाजीपुर न्यूज़ टीम, मिर्जापुर। मिर्ज़ापुर के चुनार में बनी अस्थाई जेल की खिड़की तोड़कर दो बंदी बुधवार की रात फरार हो गए। दोनों को हलिया थाने की पुलिस ने बाइक चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया था। इनमें एक मध्य प्रदेश के रीवा वह दूसरा प्रयागराज के मांडा का निवासी है। एक साथ दो बंदियों के भागने की जानकारी होते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया।
कारागार अधीक्षक अनिल कुमार राय व एसडीएम चुनार अपर पुलिस अधीक्षक नक्सल ने घटना के बाद अस्थाई जेल पहुंचकर मामले की जांच की। दोनों की गिरफ्तारी के लिए जिले की सीमा को सील कर चेकिंग भी की गई। मध्य प्रदेश की सीमा पर सघन तलाशी अभियान शुरू करा दिया गया। दोनों के फरार होते ही 25-25 हजार का इनाम भी घोषित कर दिया गया है।
हलिया थाने की पुलिस ने 23 जुलाई को मध्य प्रदेश के रीवा जिले के सुलगी थाना क्षेत्र के सोनाहोरी निवासी सतीश शुक्ला और प्रयागराज के मांडा थाना क्षेत्र के बेलवा गांव निवासी आशीष बिंद को गिरफ्तार किया था। दोनों के पास से आधा दर्जन चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद हुई थीं। जेल प्रशासन ने कोरोना संक्रमण के भय से इन बंदियों को चुनार स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक में बनाए गए अस्थाई जेल में रखा था।
जेल अधीक्षक अनिल कुमार राय ने बताया कि बुधवार की रात लगभग ढाई बजे पीछे के कमरे में बने खिड़की को तोड़कर दोनों झाड़ी की तरफ भाग गए। कुछ देर बाद जब वार्डन व पहरा गश्त करते हुए पीछे की तरफ पहुंचे तो खिड़की टूटी देख हैरान हो गए। अंदर आकर बंदियों की गणना की तो पता चला कि दोनों भागे हैं।
इसके बाद यह सूचना उच्चाधिकारियों को दी गई। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर तत्काल तलाशी अभियान भी शुरू करा दिया गया। गुरुवार की सुबह एसडीएम चुनार व अपर पुलिस अधीक्षक भी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच की।