Today Breaking News

पूर्वांचल में वज्रपात: आकाशीय बिजली से 15 लोगों की मौत, 32 झुलसे

गाजीपुर न्यूज़ टीम, वाराणसी. पूर्वांचल में शनिवार को आकाशीय बिजली गिरने से 15 लोगों की मौत हो गई। सबसे ज्यादा मिर्जापुर में छह लोगों की जान चली गई। भदोही में चार की मौत हो गई है। जौनपुर में दो की जान चली गई। आजमगढ़, गाजीपुर और सोनभद्र में एक-एक की मौत हो गई। वज्रपात की चपेट में आने से 32 लोग झुलस गए हैं। 

मिर्जापुर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में शनिवार शाम साढ़े चार बजे के करीब तेज गरज के साथ गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से छह लोगों की मौत हो गयी। वहीं 11 लोग गंभीर रूप से झुलस गए। वज्रपात से मरने वालों की पहचान भुवर(12) पुत्र मोनू निवासी टाड़ गांव, वीरेंद्र कोल(30) निवासी धोबहा देवहटा,  भुल्लर (38) निवासी रामपुर रेक्सा गांव, ददरा पहाड़ी गांव निवासी विजय सिंह के पुत्र पवन(10) और पुत्री पूनम (14) के रूप में हुई है। जबकि एक व्यक्ति की पहचान नहीं हो सकी। 

भदोही में आकाशीय बिजली से किशोरी समेत चार की मौत हो गई। 12 लोग झुलस गए हैं। सुरियावां थाना क्षेत्र के सराय छत्रशाह गांव में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 16 वर्षीय सुमन बिंद पुत्री विश्राम बिंद की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 22 वर्षीय अर्पिता पाल गंभीर रुप से झुलस गई। इसी तरह रतनलाल यादव व उनकी पत्नी भी झुलस गए। भिखारीरामपुर में पांच बकरियों की मौत व 19 वर्षीय राहुल सरोज व 22 वर्षीय प्रद्द्युन झुलस गए। दोनों बकरियां चराने गए थे। वहीं ज्ञानपुर क्षेत्र के सरईंरजकुटानी निवासी शिवशंकर बिंद की 15 वर्षीय बेटी आरती बिंद की बज्रपात से मौत हो गई। सुरियावां थाना क्षेत्र के ही डंगहर गांव में धान की रोपाई कर वापस घर आते समय 50 वर्षीय राजकरन की मौत आकाशीय बिजली गिरने के कारण हुई। 

जौनपुर में वज्रपात से किशोर समेत दो लोगों की मौत हो गई। सुइथाकला के मनवल गांव में धान की रोपाई करते समय आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 15 वर्षीय अभिषेक गौतम की मौत हो गई। प्रयागराज जनपद के सरायममरेज थाना के जंघई पुलिस चौकी अन्तर्गत नेवादा गांव निवासी 45 वर्षीय रामजीत यादव की धान की रोपाई से लौटते समय आकाशीय बिजली गिरने से जान चली गई।

आजमगढ़ में देर शाम गिरी आकाशीय बिजली से किशोर की मौत हो गई। जहानागंज थाना क्षेत्र के आहोपुर गांव निवासी 15 वर्षीय निखलेश कुमार पुत्र हीरालाल अपनी बुआ के घर गंभीरवन में रह कर पढ़ाई करता था। बुआ के घर एक वृद्ध महिला की मौत हो गई थी। तेरही कार्यक्रम के लिए लोग घर के बाहर सफाई कर रहे थे। इसी बीच आकाशीय बिजली गिरी। आकाशीय बिजली के चपेट में आने से निखलेश की मौके पर ही मौत हो गई। साथ में सफाई कर रहे 24 वर्षीय संतोष पुत्र लक्ष्मण, 15 वर्षीय अर्जुन पुत्र रामचंद्र व 15 वर्षीय सूरत पुत्र सुभाष झुलस गया। तीनों को मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सोनभद्र में वज्रपात से एक युवक की मौत हो गई जबकि पांच लोग झुलस गए। मृतक युवक की पहचान श्रवण कुमार (35) पुत्र शिव प्रसाद निवासी जाताजुआं गांव के रूप में हुई है। वज्रपात की चपेट में आकर झुलसे लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गाजीपुर के जमानियां के दरौली गांव में बच्चों के साथ घर से बाहर जा रही महिला पर आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली की चपेट में आकर महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं उसके दो व पड़ोस का एक बच्चा झुलस गया।
 
 '