Today Breaking News

20 जून को पूर्वांचल में मानसून की होगी दस्तक, इस बार औसत बारिश की उम्मीद

गाजीपुर न्यूज़ टीम, वाराणसी, मौसम विभाग ने बहु प्रतीक्षित मानसून की सक्रियता का ग्राफ जारी कर दिया है। हालांकि इधर पूर्वांचल में मौसम का रुख इन दिनों बदलाव की ओर होने से गर्मी और बादलों की भी आवाजाही हो रही है।हालांकि मानसून शुरुआत में लगभग दो से चार दिन तक सुस्त रहा है। 

आईएमडी यानी मौसम विभाग के अनुसार मानसून के भी तय समय पर ही पूर्वांचल में आने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने आखिरकार पूर्वांचल में मानसून के आने की भविष्यवाणी अब कर दी है। मौसम विभाग के अनुसार जारी सैटेलाइट तस्वीरों में अब मौसम का रुख बदला हुआ भले ही नजर आ रहा है मगर मानसून आने की उम्मीद 20 जून तक ही है। पूर्व के वर्षों में भी 20 जून के आस-पास ही पूर्वांचल में मानसून दस्तक देता था।

इस बार भी अनुमानों के अनुसार मानसून पूर्वांचल में 20 जून को दस्तक देगा। उत्तर प्रदेश में मानसून सोनभद्र जिले के रास्ते हमेशा दस्तक देता रहा है, इस बार भी सोनभद्र के रास्ते 20 जून को मानसून पूर्वांचल में दस्तक दे देगा। इसी के साथ ही उत्तर प्रदेश में भी मानसून की आमद दर्ज हो जाएगी। मौसम विभाग के अनुसार अगर कोई महत्वपूर्ण बदलाव नहीं हुआ तो 20 जून ही वह तिथि है जब उत्तर प्रदेश में पूर्वांचल के रास्ते मानसून दस्तक देगा। इसके बाद अगले सप्ताह भर में मानसून लखनऊ तक पहुंच जाएगा और इसके कुछ दिन बाद पूरे उत्तर प्रदेश में मानसूनी बादलों का जमावड़ा हो जाएगा।
अनुमानों के अनुसार ही बादल इस बार सामान्य बारिश कराएंगे। मौसम विज्ञानी भी इस बार मानसून सामान्य होने की उम्मीद जता रहे हैं। लिहाजा खेती किसानी के लिए भी मानसूनी बादल इस बार संजीवनी साबित होंगे।

मौसम विज्ञानियों के अनुसार कोई बड़ा बदलाव इस बार मौसम में नहीं होने वाला है लिहाजा 20 से 22 जून तक पूर्वांचल में मानसून दस्तक दे देगा और सामान्य बारिश पूरे मानसूनी सत्र के दौरान दर्ज की जाएगी। इसकी वजह से समूचा उत्तर प्रदेश मानसून बारिश से राहत महसूस करेगा।

फिलहाल इन दिनों पूर्वांचल में आसमान से सूरज की तपिश बढ़ गई है। 40 डिग्री से अधिक तापमान समूचे उत्तर प्रदेश में दर्ज किया जा रहा है जबकि दिन चढ़ने के साथ ही लू में भी इजाफा हो रहा है। दिन प्रतिदिन तापमान में हो रही बढ़ोतरी से आम जनजीवन प्रभावित है। हालांकि अगले सप्ताह भर में बारिश की भी संभावना जताई जा रही है। इसके बाद तापमान में कमी आएगी हालांकि उमस और गर्मी का क्रम मानसून के आने तक जारी रहेगा।

24 मई को मानसून ने भारत में अंडमान निकोबार द्वीप पर दस्तक दे दी है। जबकि मानसून की रेखा इस समय बंगाल की खाड़ी में है जिसके केरल तट पर 1 जून तक पहुंचने की उम्मीद है। इसके बाद यह लगातार आगे बढ़ेगा और 20 जून के आसपास उत्तर प्रदेश में सोनभद्र जिले में दस्तक देगा।

'