Today Breaking News

LockDown-4: मंदिरों में भगवान जल्द दे सकते हैं दर्शन, पूजा-पाठ शुरू करने के संकेत

गाजीपुर न्यूज़ टीम, वाराणसी। कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए लगे लाॅकडाउन के कारण मंदिरों के कपाट भी बंद है। लोग घर में ही पूजा पाठ कर रहे हैं। इस बीच काशी के मंदिर जल्द ही आमजन के दर्शन के लिए खुलेंगे। इसका संकेत पर्यटन, संस्कृति, धर्मार्थ कार्य राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. नीलकंठ तिवारी ने दिया है। उन्होंने वाराणसी के जिलाधिकारी से कहा कि लॉकडाउन में भविष्य में और भी छूट दी जाएगी और काशी के मंदिरों में लोग अपने आराध्य के दर्शन के लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि दर्शन के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग कायम रखने के लिए प्रमुख मंदिरों के महंतों के साथ भी बैठक करें।

राज्यमंत्री सर्किट हाउस सभागार में स्टांप एवं पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवींद्र जायसवाल के साथ अधिकारियों की बैठक ले रहे थे। डॉ. नीलकंठ तिवारी ने निर्देश दिया है कि ज्यादा से ज्यादा प्रवासी श्रमिकों को रोजगार से जोड़ा जाए। कार्यदायी संस्थाओं को उनकी मांग के अनुसार श्रमिक उपलब्ध हों। उन्होंने उपायुक्त श्रम विभाग को निर्देशित किया कि जरूरत के अनुसार आवश्यकता पड़ने पर अकुशल प्रवासी श्रमिकों को प्रशिक्षण की भी व्यवस्था सुनिश्चित करायी जाए। निर्माण कार्य एवं औद्योगिक इकाइयों में इन श्रमिकों को अधिक से अधिक संख्या में समायोजित कराने पर जोर दिया। उन्होंने डीएम से कहा कि  कार्यदायी संस्थायों को श्रमिक उपलब्ध कराकर अधूरे कार्यों को समय से पूरा कराएं।

कार्यदायी संस्थाओं को भी हिदायत दी है कि काम में श्रमिकों के अभाव की बहानेबाजी अब नहीं चलेगी। कार्यस्थल पर श्रमिकों को मास्क एवं गमछा अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराएं। साथ ही सेनेटाइजर या साबुन आदि की उपलब्धता सुनिश्चित कराने पर जोर दिया। 

मानसून आने से पहले की तैयारी पूरी कर लें 
राज्यमंत्री ने कहा कि 15 जून तक मानसून के आने की संभावना है। ऐसी स्थिति में शहर में कहीं भी सड़क पर पानी नहीं रुकना चाहिए। नगर निगम युद्धस्तर पर अभियान चलाकर नालों की सफाई सुनिश्चित कराए। उचित मूल्य की दुकानों पर घटतौली के साथ-साथ अन्य शिकायतें मिल रही हैं। इसके लिए नियमित जांच करायी जाए।

 
 '