आम के लिए 'आरोग्य सेतु' होंगे बागवान मित्र और मैंगो बाबा
गाजीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ। आरोग्य सेतु। कोरोना से जंग का सबसे मुफीद एप। कुछ इसी तर्ज पर फलों के राजा आम के लिए भी खास एप विकसित किए जा रहे हैैं। एप तैयार हैं। टेस्टिंग चल रही। सबकुछ ठीक रहा तो जल्द ही ये सबके बीच आ जाएंगे।
इन खास एप के नाम होंगे-बागवान मित्र और मैैंगो बाबा। दोनों एप तो वैसे लखनऊ और अवध के आसपास की आम पट्टी (मैैंगो बेल्ट) के लिए तैयार किए गए हैं लेकिन ये देश भर के किसानों के लिए बड़े काम के होंगे। लखनऊ के रहमानखेड़ा स्थित केंद्रीय उपोष्ण बागवानी संस्थान के निदेशक डॉ. शैलेंद्र राजन ने बताया कि एप बनकर तैयार हैैं। अभी ये परीक्षण के दौर में हैैं। उम्मीद है कि जल्द ही इनको लॉन्च कर दिया जाएगा। वह कहते हैैं कि आम उत्पादकों की समस्याओं के निराकरण और उनकी जिज्ञासा शांत करने के उद्देश्य से हम वॉट्सएप ग्रुप तो पहले ही बना चुके हैैं। इस पर उनकी सक्रिय भागीदारी भी रहती है, लेकिन इसमें सदस्यों की सीमित संख्या होने की वजह से ज्यादा किसान इसका लाभ नहीं उठा पाते।
एप से आम उत्पादकों के साथ ही ग्राहकों को भी फायदा होगा। कोरोना काल में मार्केटिंग, उत्पादकों की समस्याओं, उनके निदान और आम की हाईजीनिटी, सैनिटाइजेशन इत्यादि के बारे में भी इन एप पर जानकारी मिल सकेगी।
खूबियों से लैस बागवान मित्र एप
बागवान मित्र एप खूबियों से लैस होगा। यह पूरी तरह किसानों का दोस्त होगा। किसान भाइयों के लिए सबसे बड़ी समस्या संदेश टाइप करने की होती है, इसलिए इस एप में ऐसी सुविधा होगी कि वे बोलेंगे और संदेश टाइप हो जाएगा। इसके साथ ही एप पर फोटो भी अपलोड हो सकेगी।
मैंगो बाबा भी जल्द आएंगे
बागवान मित्र के अलावा एक और एप मैैंगो बाबा बाजार में आएगा। यह एप मुख्य रूप से आम उत्पादकों की व्यावसायिक मदद करेगा। इसमें होम डिलीवरी की सुविधा रहेगी। आम का ऑर्डर दिया जा सकता है। मसलन, एक कॉलोनी या सोसायटी है, उसके लोग किसी निर्धारित स्थान पर वैन या किसी अन्य माल ढुलाई वाहन के जरिए आम मंगा सकते हैैं। आम के ग्रेड, वैरायटी इत्यादि का ब्योरा इस एप पर रहेगा।
केंद्रीय उपोष्ण बागवानी संस्थान के निदेशक शैलेंद्र राजन ने बताया कि लॉकडाउन में आम उत्पादकों और उपभोक्ताओं के लिए ये एप बड़े काम के होंगे। अभी दोनों एप टेस्टिंग के दौर में हैैं। जल्द ही लॉन्च होंगे।