मजदूर वापसी अब योगी सरकार की वरीयता, आज लौटेंगे MP में फंसे लोग
गाजीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ, जानलेवा कोरोना वायरस के संक्रमण के कारण देश तथा प्रदेश में लंबे लॉकडाउन से उत्पन्न हो रही समस्या से निवारण अब योगी आदित्यनाथ सरकार की वरीयता है। राजस्थान के कोटा में फंसे कोचिंग के छात्र-छात्राओं को उनके घर तक पहुंचाने के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ की वरीयता में देश के अन्य राज्यों में फंसे प्रदेश के मजदूर तथा गरीब लोग हैं।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने आज लोकभवन में टीम-11 के साथ बैठक में कोरोना वायरस के संक्रमण पर अंकुश लगाने के उपाय के साथ ही लोगों के उपचार तथा निदान की प्रगति की समीक्षा की। इसके बाद उन्होंने देश के विभिन्न राज्यों में फंसे उत्तर प्रदेश के कामगारों एवं श्रमिकों को सुरक्षित घरों तक पहुंचाने में सरकार के अभियान की प्रगति को परखा। प्रदेश में हरियाणा से लगभग पूरे मजदूर तथा गरीब लोग प्रदेश में अपने-अपने जिलों में पहुंच गए हैं। आज यानी गुरुवार को मध्य प्रदेश में प्रदेश के कामगारों और श्रमिकों को उनके घरों तक सुरक्षित पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू की गई है। आज मध्य प्रदेश से प्रदेश के श्रमिक कामगार लाए जाएंगे। इसके बाद शुक्रवार को गुजरात से श्रमिक तथा कामगार को वापस लाया जाएगा।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने आज बैठक में सभी राज्यों में फंसे यूपी के कामगारों और श्रमिकों से भावुक अपील भी की। उन्होंने कहा कि अभी तक आप लोगों ने जिस धैर्य का परिचय दिया है उसे बनाए रखें। हम संबंधित राज्यों की सरकारों से संपर्क कर सभी को घरों तक सुरक्षित पहुंचाने की विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर रहे हैं। हमारे प्रदेश का कोई भी श्रमिक तथा कामगार इस संकट की घड़ी में किसी अन्य प्रदेश में नहीं रहेगा, यह हमारा प्रयास है। फिलहाल आप लोग जहां हैं, वहीं रहें, संबंधित राज्य सरकारों के संपर्क में रहें, कतई पैदल ना चलें। प्रदेश सरकार ने सभी राज्यों को पत्र लिख कर यूपी के कामगारों और श्रमिकों का विस्तृत ब्यौरा मांगा है। सभी का नाम, पता और मोबाइल नंबर के साथ ही मेडिकल रिपोर्ट मांगी गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा से चंद रोज पहले ही श्रमिक तथा कामगार आए हैं जबकि दिल्ली से 28 व 29 मार्च को चार लाख लोगों को सुरक्षित घरों तक पहुंचाया गया था। हरियाणा और राजस्थान से भी 50 हजार लोगों को घरों तक पहुंचाया गया है। आज भी हरियाणा से 13 हजार लोगों को भी लाया जा रहा है। प्रयागराज में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे प्रदेश के विभिन्न जनपदों के 15 हजार छात्रों को सरकार सुरक्षित घरों तक पहुंचा चुकी है। राजस्थान के कोटा में फंसे 11,500 छात्र-छात्राओं को भी सरकार सुरक्षित घरों तक पहुंचा चुकी है। इसके बाद सीएम योगी आदित्यनाथ ने बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग भी की थी।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने बैठक में छह लाख लोगों के लिए क्वारंटीन सेंटर, शेल्टर होम और कम्युनिटी किचेन का राजस्व विभाग से ब्यौरा भी मांगा। कोरोना से हर तरह से निपटने के लिए मुख्यमंत्री योगी ने लेवल - 1, लेवल - 2 और लेवल -3 के कोविड अस्पतालों की क्षमता विस्तार करके 52 हजार बेड तैयार करने का भी ब्यौरा प्राप्त किया है।
दैनिक मजदूरों की सूची में गड़बड़ी पर नगरीय निकायों को नोटिस
नगरीय निकायों ने लॉकडाउन के दौरान दैनिक श्रमिकों की जो सूची तैयार की गई है उसमें कई तरह की गड़बडिय़ां मिली हैं। निदेशालय ने इस पर 292 नगरीय निकायों को नोटिस देकर स्पष्टीकरण मांगा है। साथ ही सूची दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। प्रदेश सरकार ने लॉकडाउन में दैनिक रोजगार कर जीवन यापन करने वालों को आर्थिक तंगी न हो इसके लिए एक हजार रुपये बैंक खाते में देने फैसला किया है। शहरों में इन्हें चिह्नित कर ब्योरा जुटाने का काम नगरीय निकायों को दिया गया है। इन्हें गैर पंजीकृत श्रमिकों की भी जानकारी जुटानी थी। नगरीय निकायों ने जो सूची तैयार की उसमें कई तरह की गड़बडिय़ां सामने आई हैं। स्थानीय निकाय निदेशालय ने जब इस सूची का परीक्षण किया तो काफी खामियां मिली हैं। इसमें कई ऐसे लोगों के नाम दर्ज थे, जो वास्तव में मजदूर ही नहीं थे। साथ ही कई लोगों के नाम एक से ज्यादा बार दर्ज कर दिए गए थे। कुछ का खाता संख्या गलत था तो कुछ की जानकारियों में अन्य प्रकार की कमियां मिली हैं। उप निदेशक रश्मि सिंह ने इस तरह के 292 नगरीय निकायों को चिह्नित कर उनसे स्पष्टीकरण मांगा है।