गाजीपुर: साधु-संतों के साथ ग्रामीणों ने खेली फूलों की होली
गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर सादात अंतरराष्ट्रीय श्रीकृष्ण भावनामृत संघ इस्कान की ओर से नगर के शिव कुटिया मंदिर पर बुधवार की रात बृजवृदांवन होली उत्सव धूमधाम से मनाया गया। वृदांवन से आए साधु-संतों के साथ उपस्थित सैकड़ों लोगों ने फूलों की होली खेली। करीब पांच क्विटल गेंदा, गुलाब, जूही, चमेली आदि फूल मंगाए गए थे। नगर में इस तरह फूलों की होली खेलने से उपस्थित श्रद्धालुओं में खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
बृज होली गीत, मेरी खो गए बाजू बंद रसिया होरी में, नंदगांव के कुंअर कन्हैया बरसाने की छोरी हैं, श्याम मेरी चुनरिया रंग गई बृज होरी में, सहित होली खेले रघुवीरा आदि गीतों पर बच्चों व महिलाओं ने नाचते गाते एक दूसरे पर रंगों की जगह फूलों की होली खेलकर आंनद लिया। इसके पूर्व वृदांवन से आए साधु-संतों ने दोपहर में धर्मराज दास के संयोजकत्व में हरे कृष्ण हरे कृष्ण हरे राम हरे राम का संकीर्तन पाठ किया। नगर क्षेत्र मे घूमकर नाचते गाते श्रद्धालु चल रहे थे। शाम में प्रवचन में संत रुपचरन दास ने कहा कि भागवत गीता अलौकिक ग्रंथ है।
इसके सुनने-पढ़ने व बोलने से व्यक्ति का जीवन सफल हो जाता है। देर रात तक श्रद्धालुओं ने भंडारा में प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान गौरा निताई भगवान का विधिवत अभिषेक किया गया। श्याम गोपाल दास, सत्यपाल दास, हरिराम दास, धन्वंतरि दास, शिवचंद्र यादव, सुभाषचंद्र गुप्ता, पन्ना लाल गुप्ता, अमृत लाल गुप्ता, मनीष यादव, अशोक जायसवाल, हरिकेश यादव आदि थे। भवेश गुप्ता काजू ने उपस्थित लोगों का स्वागत किया।