वाराणसी में हाईप्रोफाइल सेक्स रैकेट का संचालक भी हत्थे चढ़ा, विदेश से भी आती थीं लड़कियां, मकान से वीजा और पासपोर्ट मिले
गाजीपुर न्यूज़ टीम, वाराणसी में रविवार की रात पकड़े गए हाईप्रोफाइल सेक्स रैकेट का संचालक संजय सिंह उर्फ पप्पू भी पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। रविवार को ही पुलिस ने चार लड़कियों और तीन लड़कों को पकड़ा था। एक लड़की पुलिस से बचने के प्रयास में तीन मंजिले मकान से कूद गई थी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। जिस मकान में सेक्स रैकेट चल रहा था उसकी पड़ताल में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पता चला कि विदेश से भी लड़कियों को बुलाकर देह व्यापार हो रहा था। एक विदेशी लड़की का पासपोर्ट भी मिला है। पुलिस ने मकान को सील कर दिया है।
संजय नगर कॉलोनी स्थित 15 कमरों वाले तीन मंजिला मकान में कई महीनों से सेक्स रैकेट चल रहा था। इसका मालिक संजय खुद दूसरे मकान में रहता था। रविवार की रात भी कुछ लोग यहां गाड़ी से पहुंचे औऱ गली में ही गाड़ी खड़ी कर दी। इससे पड़ोसियों को आवागमन में परेशानी हुई। इसी पर विवाद शुरू हो गया। कालोनी वालों ने पुलिस को सूचना दी और बताया कि इस मकान में सेक्स रैकेट चलता है।
पुलिस मकान में घुसी तो अंदर मौजूद तीन लड़कियां छत पर भागीं। दो लड़कियों ने बगल के मकान पर छलांग लगा दी। एक लड़की बगल के पेड़ पर कूद गई। पेड़ की डाल टूटने से वह तीन मंजिल से सीधे नीचे गिर पड़ी। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पड़ोसी की मकान पर गिरी लड़कियों के साथ ही तीन लड़कों और दो अन्य लड़कियों को पकड़ लिया।
फोरेंसिक टीम को भी बुलाकर मकान की जांच शुरू कराई गई। इसके बाद हाईप्रोफाइल सेक्स रैकेट का पर्दाफाश होने के साथ ही परत दर परत खुलने लगी। मकान के कमरों से कई वीजा के साथ ही उजबेकिस्तान की लड़की का पासपोर्ट बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार हाईप्रोफाइल सेक्स रैकेट मकान मालिक संजय सिंह उर्फ पप्पू खुद ही संचालित करता था। वह डेटिंग एप के माध्यम से पिछले एक साल से यह धंधा चला रहा था। इससे पहले वह इसी इलाके के एक अन्य मकान में भी रैकेट चला रहा था, लेकिन लोगों ने जब विरोध किया तो वहां बंद कर दिया। इसके बाद यह धंधा संजय नगर में शुरू हुआ। यहां कई प्रदेशों के साथ ही विदेशों से लड़कियां बुलाई जाती थीं।
ग्राहकों से तीन से पांच हजार लिये जाते थे। आधा पैसा लड़कियों को मिलता था और आधा संजय खुद लेता था। सेक्स रैकेट से संजय ने करोड़ों की संपत्ति बनाई है। पुलिस ने संजय सहित कुल 11 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार किये गए संजय और तीन ग्राहकों और चार लड़कियों को सोमवार को जेल भेज दिया गया है। एसएसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए इलाके के चौकी प्रभारी और बीट सिपाही को रविवार की रात ही सस्पेंड कर दिया था।