Today Breaking News

आजमगढ़ में धरना देते खदेड़ी गईं महिलाओं से कल मिलेंगी प्रियंका गांधी

बिलरियागंज कस्बे में नागरिकता संशोधन कानून (CAA) का विरोध करने के दौरान खदेड़ी गई महिलाओं से मिलने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी आजमगढ़ आ रही हैं। प्रियंका बुधवार 12 फरवरी को आएंगी। बिलरियागंज कस्बे में सीएए व एनआरसी के विरोध में पांच फरवरी को महिलाओं ने शाहीन बाग की तर्ज पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया था। इसी दौरान भोर में महिलाओं को खदेड़ा गया था। इस दौरान लाठीचार्ज, आंसू गैस व पथराव की घटना भी हुई थी। लाठीचार्ज में कई महिलाएं घायल हुई थीं। 19 लोगों को देशद्रोह समेत विभिन्न धाराओं में गिरफ्तार कर जेल भी भेजा गया है।

प्रियंका बिलरियागंज में पीड़ित महिलाओं से मिलकर उनसे जानकारी लेंगी। उनका कार्यक्रम पार्टी की जिला इकाई को मिल गया है। जिला अध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि बिलरियागंज में महिलाओं के साथ ज्यादती हुई है। रविवार को सचिव सचिन नायक ने वहां पहुंचकर महिलाओं से मिलकर बातचीत कर एक रिपोर्ट हाईकमान को भेजी थी। इसी के बाद प्रियंका गांधी ने यहां आकर महिलाओं से मिलने का कार्यक्रम बनाया है।

उधर, इलाहाबाद हाईकोर्ट के एडवोकेट रमेश कुमार , के.के.राय एडवोकेट ,जावेद मोहम्मद, मौलाना ज़हीर आलम फलाही , मैग्सेसे अवार्डी संदीप पांडेय, अजित सिंह, आचार्य युगल किशोर, इंजीनियर साबिर अली, डॉ सनाउल्लाह आदि ने मंगलवार की शाम कस्बे में पहुंचकर पूरे प्रकरण को जाना और आवश्यक कानूनी कार्यवाही पर विस्तृत चर्चा की। 

इस दौरान पीड़ित महिलाओं/पुरुषों ने ज़ुल्म को बयान किया और बताया कि किस तरह से उनके शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर हिंसक कार्यवाही की गई और ज़ुल्म की तमाम हदें पार कर दी गईं। प्रतिनिधिमंडल ने आज़मगढ़ शहर में पहुंच कर घायल मरीज़ सरवरी से भी मुलाकात की। सभी लोगों ने न्याय के इस संघर्ष में आजमगढ़ की अवाम के साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया। 

प्रतिनिधिमंडल ने बिलरियागंज में मौलाना ताहिर मदनी के घर जाकर परिवार वालों से भी मुलाकात की। राष्ट्रीय ओलमा कौंसिल के प्रवक्ता एडवोकेट तलहा रशादी ने आये हुए प्रतिनिधिमंडल का मार्गदर्शन किया। इस अवसर पर आज़मगढ़ दीवानी के एडवोकेट सचिदानंद राय, एडवोकेट अनिल राय, एडवोकेट अबू हाशिम जैराजपुरी, आदि क्षेत्र के लोग मौजूद रहे।

 
 '