Today Breaking News

गाजीपुर: पुलिस की मिलीभगत से बेधड़क चल रहा ओवरलोड का खेल

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर आलाधिकारियों के तमाम दिशा-निर्देशों के बावजूद पुलिस की मिलीभगत से ओवरलोड का खेल बेधड़क चल रहा है। अब रात के बजाय दिन में हमीद सेतु से ओवरलोड ट्रक गुजर रहे हैं। अगर यही स्थिति रही तो हमीद सेतु ज्यादा दिनों तक नहीं चल पाएगा। इस संबंध में एनएचएआइ के अधिकारियों ने पहले ही आगाह कर दिया है कि 40-50 टन से अधिक लोडेड वाहनों का आवागमन हुआ तो समस्या और भी बढ़ सकती है।

जिलाधिकारी का सख्त निर्देश है कि हमीद सेतु पर ओवरलोड वाहनों का आवागमन न हो, लेकिन स्थानीय पुलिस पर इसका कोइ असर नहीं दिख रहा है। डीएम के निर्देश पर एआरटीओ राम सिंह और पीटीओ पूरी रात चेकिग अभियान कर रहे हैं। जब तक यह अधिकारी रोड पर रहते हैं, पुलिस भी सक्रिय रहती है, लेकिन इनके जाते ही यह खेल फिर से शुरू हो जाता है। रात में चल रहे सघन चेकिग अभियान को देखते हुए अब दिन में ही ओवरलोड वाहन हमीद सेतु पर दिख जा रहे हैं। शुक्रवार को एक ट्रक ढाला से भी ऊपर माल लोड कर रजागंज पुलिस चौकी होते हुए हमीद सेतु पार कर गया। यह ट्रक जैसे ही हमीद सेतु पर पहुंचा पुल काफी तेजी से कंपन करने लगा। कड़े निर्देशों के बावजूद पुलिस खुलेआम बालू, कोयला, गिट्टी, आयरन आदि लदे ओवरलोड ट्रकों को हमीद सेतु से बेहिचक पास कराने में जुटी है। पुलिस यह स्थानीय लोगों से मिलकर यह खेल कर रही है। मौका मिलते ही चार-पांच की संख्या में बारी-बारी से ओवरलोड वाहनों को आगे जाने की हरी झंडी दी जाती है।

नौ ट्रक सीज 12 का हुआ चालान, 8.35 लाख लगा जुर्माना
एआरटीओ राम सिंह ने गुरुवार की रात और शुक्रवार की सुबह सुहवल थाना क्षेत्र में अपने हमराहियों संग सघन चेकिग अभियान चलाया। उन्होंने नौ ओवरलोड ट्रकों को सीज करने के साथ 12 का चालान कर आठ लाख 35 हजार रुपये जुर्माना लगाया है। एआरटीओ द्वारा लगातार चलाए जा रहे चेकिग अभियान से ट्रक मालिकों में खलबली मची हुई है। गुरुवार की रात ट्रक मालिकों से गुलजार रहने वाला मेदनीपुर तिराहा सुनसान दिखा। उन्होंने बताया कि यह अभियान प्रतिदिन चलता रहेगा।
 
 '