Today Breaking News

गाजीपुर: घोसी उपचुनाव अभियान में सपा समर्थित उम्मीदवार के पक्ष में जनसंपर्क किए पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सिंह

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सिंह अपनी पार्टी सपा का शायद ही कोई चुनाव अभियान हो, जिसमें वह अपनी मौजूदगी दर्ज न कराए हों। खासकर पूर्वांचल में तो वह हर जगह पार्टी के चुनाव अभियान में पहुंचते हैं। शुक्रवार को वह अंसारी बंधुओं का गढ़ समझे जाने वाले मऊ पहुंचे थे, जहां घोसी विधानसभा सीट पर उप चुनाव हो रहा है। पूर्व विधायक सुधाकर सिंह सपा समर्थित उम्मीदवार हैं।

सुधाकर सिंह के समर्थन में उन्होंने चुनाव क्षेत्र के कई गांवों का दौरा कर जनसंपर्क किए। इस मौके पर उन्होंने अपने चीरपरिचित अंदाज में भाजपा पर निशाना साधा। कहे कि भाजपा का नौजवान, गरीब, मजदूर और किसान विरोधी चेहरा अब उजागर हो चुका है। देश भर में इन वर्गों के लोग गुस्से में हैं। घोसी के लोगों को मौका मिला है कि वह भाजपा को सबक सिखाएं। अपनी पार्टी की पूर्ववर्ती सरकार की याद दिलाते हुए उन्होंने कहा कि अब लोगों को एहसास हो रहा है कि उस राज में कितनी सहूलियतें मिल रही थीं। कानून-व्यवस्था कितनी दुरुस्त थी। बोलने की कितनी आजादी थी। पूर्वांचल में विकास की रफ्तार कितनी तेज थी।

श्री सिंह ने कहा कि भाजपा मजहबी उन्माद फैला कर सिर्फ सत्ता हथियाना जानती है, लेकिन उसकी करनी से लोग अकुता चुके हैं। घोसी का उप चुनाव इस बात का गवाह बनेगा कि अब जनता भाजपा के झूठे वादों के झांसे में नहीं आएगी। उन्होंने दावा किया कि घोसी सहित प्रदेश के अन्य विधानसभा सीटों पर हो रहे उप चुनाव में सपा का डंका बजेगा। इस मौके पर डॉ.समीर सिंह, राहुल दूबे, देवेंद्र यादव, दीपक सिंह, अंबरीश यादव, गपक सिंह, ओमप्रकाश यादव, अलाऊ, अमित सिंह लालू, दुर्गेश सिंह, गोलू सिंह, जुनेद खां, संजीत कुशवाहा, मिट्ठू सिंह, प्रमोद सिंह आदि भी उनके साथ थे।

मालूम हो कि इस उप चुनाव में अंसारी बंधुओं की पार्टी बसपा अब्दुल कयूम को मैदान में उतारी है। पिछले आम चुनाव में बसपा मऊ सदर विधायक मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास अंसारी को टिकट दी थी। हलांकि तब प्रदेश भर में भाजपा की लहर थी और घोसी सीट पर जीत भी भाजपा के फागु चौहान की हुई थी, लेकिन अब्बास अंसारी ने शानदार प्रदर्शन किया था। बाद में बिहार के राज्यपाल बनने के बाद फागु चौहान ने यह सीट छोड़ दी और अब वहां उप चुनाव हो रहा है।
'