Today Breaking News

गाजीपुर: जूस पिलाकर दिव्यांगों की समाप्त कराई भूख हड़ताल

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर दुल्लहपुर विकलांग जन कल्याण सेवा समिति की ओर से स्थानीय रेलवे स्टेशन परिसर में तीसरे दिन सोमवार को भूख हड़ताल जारी रही। दिव्यांगों ने कफन ओढ़कर प्रदर्शन किया। इस दौरान नारेबाजी कर जिला प्रशासन के खिलाफ आक्रोश जताया। दोपहर बाद एसडीएम मौके पर पहुंचे। उन्होंने समिति के प्रबंधक रामविजय चौहान को जूस पिलाकर भूख हड़ताल समाप्त कराया। आश्वासन दिया कि जल्द ही समस्याओं का समाधान किया जाएगा। दिव्यांगों ने चेताया कि मांग पूरी न होने पर दोबारा आंदोलन किया जाएगा।

दिव्यांगों का कहना था कि सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है। इसमें हीलाहवाली हो रही है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इधर, बीडीओ संदीप कुमार श्रीवास्तव राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने योजनाओं से वंचित दिव्यांगों के नाम व पता की जानकारी लेने के साथ फाइल में दर्ज किया। राष्ट्रीय दिव्यांग संघ के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश तवर ने कहा कि हर हाल में मांग पूरी होनी चाहिए। ऐसा न होने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की जाएगी। भ्रष्टाचार खत्म होना चाहिए। दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। प्रबंधक रामविजय चौहान ने कहा कि दिव्यांगों को सम्मान तथा अधिकार दिलाना हमारा फर्ज है। 

इधर, मऊ से आए रेलवे विभाग के टीआई अनिल कुमार यादव ने कहा कि दुल्लहपुर स्टेशन पर प्रमुख ट्रेनों का ठहराव, वीर अब्दुल हमीद के नाम पर नई ट्रेन चलाने तथा पार्क की मरम्मत के लिए मांग पत्र उच्चधिकारियों को प्रेषित किया जाएगा। इसके बाद भूख हड़ताल समाप्त हो गई। इस मौके पर कमलेश राम, रामविजय चौहान, चंदन पांडेय, डा. आरपी पांडेय, उमेश राय, सुरेश सिंह के अलावा सैकड़ों दिव्यांग थे।
'