गाजीपुर: महिला साथी पर हमला के विरोध में कार्य बहिष्कार
गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर कन्नौज में महिला लेखपाल एवं अन्य पर हुए प्राणघातक हमला के विरोध में लेखपालों ने बुधवार को कार्य बहिष्कार किया। धरना-प्रदर्शन कर आरोपितों की गिरफ्तारी के साथ ही सख्त कार्रवाई की मांग की।
कासिमाबाद : तहसील मुख्यालय पर लेखपालों ने कार्य बहिष्कार करते हुए काली पट्टी बांधकर विरोध जताया। अध्यक्ष चितरंजन चौहान व जितेंद्र यादव ने चेतावनी देते हुए कहा कि हमारा आंदोलन 27 सितंबर तक पूर्ण कार्य बहिष्कार के रूप में चलता रहेगा। राजस्व निरीक्षक संघ व नायब तहसीलदार संघ ने धरना का समर्थन किया। जय प्रकाश सिंह, श्रीभगवान सिंह यादव, जटाशंकर मौर्य, राजेंद्र प्रसाद गुप्ता, अखिलानंद तिवारी, रामनगीना राम आदि थे। संचालन संजय पांडेय ने किया। सेवराई : तहसील मुख्यालय पर अध्यक्ष संतोष तिवारी ने कहा कि आए दिन लेखपालों के साथ दुर्व्यवहार व मारपीट की घटनाएं हो रही हैं। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। राजेंद्र यादव, उपाध्यक्ष शिवाजी यादव, जीतलाल चौधरी, पवन कुमार, अमरेंद्र कुमार, जितेंद्र कुमार आदि थे।