गाजीपुर: आरओ प्लांट के नाम पर चल रही थी शराब की फैक्ट्री
गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर जमानियां आरओ प्लांट के नाम पर शराब बनाने वाली फैक्ट्री का भंडा फूट गया। मामला कस्बे के अहिरान टोली का है। फैक्ट्री का गोदाम चक्का बांध में था। मुखबिर की सूचना पर रविवार की रात पुलिस ने पहले गोदाम पर छापामारी। वहां पिकअप पर शराब लोड रही थी। उसमें शामिल लोग पुलिस को देख भाग निकले। फिर पुलिस टीम आरओ प्लांट पर पहुंची। वहां 21 हजार 548 शीशी अंग्रेजी शराब मिली। कुल बरामद शराब की कीमत करीब 18 लाख रुपये आंकी गई है। कोतवाल क्षितीज त्रिपाठी ने बताया कि आरओ प्लांट पर तीन गैलन अधबनी शराब भी मिली। बताए कि देशी शराब में केमिकल मिला कर उसे अंग्रेजी का रुप दिया जाता था। उसके बाद उसे बिहार भेज दिया जाता था। आरओ प्लांट का मालिक भरत यादव मूलतः बिहार के आरा जिले का रहने वाला है। उसकी सरगर्मी से तलाश हो रही है। वह पिछले माह ही आरओ प्लांट बैठाया था। जाहिर है कि उसका मकसद नकली अंग्रेजी शराब बना कर अपने गृह राज्य में खपाने का था।